बिहार-झारखंड एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका जुलाई 2025 में ग्लोबल कॉन्क्लेव का आयोजन अमेरिका में कर रहा है। इसमें बिहार के लोग जो भारत के साथ दुनिया के किसी भी देश में हो, उन्हें आमंत्रित किया जाएगा। कॉन्क्लेव में देश के बड़े उद्यमी एवं व्यवसायी शामिल होंगे। यह जानकारी एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि कॉन्क्लेव में इन्वेस्टर मीट भी होगा। इसलिए बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स इसमें शामिल होकर बाहर के लोगों को बिहार में निवेश की संभावनाओं की जानकारी दे। बिहार के जो लोग यूएसए में निवेश करना चाहते हैं। वहां पर क्या संभावनाएं हैं, उसे भी जानें।
बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स परिसर में सदस्यों के साथ हुई बैठक में बिहार फाउंडेशन ऑफ अमेरिका के चेयरमैन आलोक कुमार भी शामिल हुए। इसमें आपसी विचारों को साझा किया गया।
इस मौके पर बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सुभाष कुमार पटवारी, सभी सदस्य, बिहार विद्यापीठ के चेयरमैन विजय प्रकाश, बजाना के रंजीत कुमार एवं अभिनव अतुल, विकसित भारत संकल्प फाउंडेशन के कुंवर सोनू सिंह, विधायक डॉ सजीव शर्मा एवं उमा शंकर शामिल हुए।
बिहार-झारखंड एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका की स्थापना 1975 में बिहारी अप्रवासियों की पहली पीढ़ी ने अमेरिका में की थी। पिछले कुछ वर्षों में एसोसिएशन बिहार और झारखंड के सभी लोगों को एक साथ लाने और एक-दूसरे की मदद करने का एक मंच बन गया है।
एसोसिएशन व्यावसायिक हित के साथ समाज सेवा से भी जुड़ा हुआ है।
इसके सदस्य न्यूयार्क, न्यूजर्सी, पेसिल्वेनिया, कनेक्टिकट, डेलावेयर, मैरीलैंड और डीसी राज्यों में फैले हुए हैं। एसोसिएशन भारतीय वाणिज्य दूतावास और फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन के साथ मिलकर काम करता है।