बिहार में 25 नई चीनी मिल लगाने का राज्य सरकार ने निर्णय लिया है। मिल लगाने के लिए जमीन चयन की कवायद गन्ना उद्योग विभाग ने शुरू कर दी है। इसके लिए विभाग ने 25 जिलों के डीएम को पत्र लिखा है।
गन्ना उद्योग विभाग ने संबंधित जिलों को भेजे पत्र में कहा है कि नई चीनी मिल की स्थापना और पुरानी मिल के जीर्णाेद्धार के लिए जमीन का चयन कर प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराएं। पुरानी और बंद चीनी मिल की जमीन भी उपयोगी होगी।
प्रत्येक चीनी मिल के लिए लगभग 100 एकड़ जमीन की जरूरत है। इसके लिए निजी और सरकारी जमीन की उपलब्धता की समीक्षा करें। चीनी मिल के समीप 30 से 40 हजार एकड़ में गन्ने की खेती होगी। इसके लिए सिंचाई की सुविधा जरूरी है।
इन जिलों को भेजा गया पत्र : पटना, नालंदा, नवादा, भागलपुर, बांका, जमुई, मधुबनी, दरभंगा, गोपालगंज, सीवान, सारण, बेतिया, मोतिहारी, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, गयाजी, शिवहर, रोहतास, बक्सर, भोजपुर, बेगूसराय, खगड़िया, पूर्णिया और मधेपुरा।
दरभंगा जिले के रैयाम और मधुबनी जिले के सकरी में चीनी मिल की स्थापना सहकारिता विभाग के माध्यम से होगी। सहकारिता विभाग दोनों चीनी मिलों का डीपीआर तैयार करने के लिए राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ की मदद ले रहा है।