कॉम्फेड ( बिहार राज्य दूध सहकारी संघ लिमिटेड ) अब दूध उत्पादों का निर्यात भी कर रहा है। 2025 में कॉम्फेड ने 5 मीट्रिक टन घी अमेरिका और 8 मीट्रिक टन गुलाब जामुन कनाडा भेजा है। कॉम्फेड के उत्पाद ‘सुधा’ ब्रांड के नाम से मशहूर हैं।
सुधा के पटना डेयरी प्रोजेक्ट का जायजा लेने के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को यह जानकारी दी गई।

COMFED के एमडी शीर्षत कपिल अशोक ने अगले पांच वर्ष की योजना, दूध समिति, प्रोक्यूरमेंट इन्फ्रास्ट्रक्चर और नए प्रोडक्ट की जानकारी दी। वर्तमान में दूध सहकारी समितियों की संख्या 21 हजार से अधिक है। इससे लगभग 7.5 लाख पशुपालक जुड़े हुए हैं। लगभग 1.9 लाख महिलाएं हैं। ये समितियां औसत 22 लाख लीटर दूध का प्रतिदिन संकलन करती हैं। वर्तमान में कॉम्फेड की प्रसंस्करण क्षमता 54 लाख लीटर प्रतिदिन है।
मुख्यमंत्री ने डेयरी प्लांट और दूध उत्पादन समितियों का और विस्तार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने से उनकी आमदनी बढ़ेगी। साथ ही रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास में किसान और पशुपालकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनकी तरक्की के लिए सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी। कॉम्फेड के माध्यम से किसानों को दूध का बेहतर मूल्य मिल रहा है।
इस मौके पर पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग की अपर मुख्य सचिव सह कॉम्फेड की अध्यक्ष डॉ एन. विजयलक्ष्मी, कई वरिष्ठ अधिकारी एवं पटना डेयरी प्रोजेक्ट के एमडी रूपेश राज मौजूद रहे।