मुख्य समाचार

Shreyasi singh : बिहार के हर जिले में बनेगी खेल एकेडमी

राज्य सरकार हर जिले में अलग-अलग खेल के लिए खेल एकेडमी बनाने पर काम कर रही है। बंद पड़े एकलव्य स्कूल फिर से शुरू होंगे। आईटी एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने बिहार उद्योग संघ (बीआईए) के साथ संवाद में यह जानकारी दी। 

उन्होंने बताया कि बिहार में खेल के लिए आधारभूत संरचना को मजबूत करना जरूरी है। इसके लिए केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया से बात हुई है। राष्ट्रमंडल खेल 2028 की मेजबानी बिहार को देने के लिए सैद्धांतिक सहमति मिली है। यह राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। 

मंत्री ने खेल प्राधिकरण और संघों के बीच समन्वय और सहयोगात्मक रिश्ते की अहमियत को स्वीकार करते हुए इसपर काम करने का आश्वासन दिया। आईटी और खेल क्षेत्र के विकास के लिए बिहार उद्योग संघ से मिले सुझावों पर भी उन्होंने विचार करने का भरोसा दिया। 

बीआईए के अध्यक्ष रामलाल खेतान ने कहा कि देश और दुनिया की आईटी कंपनियों में बिहार के युवा अपनी क्षमता दिखा रहे हैं। इसके बावजूद राज्य में आईटी उद्योग की उपस्थिति नगण्य है।खेल क्षेत्र में भी काफी संभावनाएं हैं। राज्य में बड़ी युवा आबादी होने के बावजूद खेल क्षेत्र में बिहार की उपलब्धि मानक स्तर पर नहीं है। 

बीआईए की आईटी समिति के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने राज्य में आईटी निवेश, स्टार्टअप इकोसिस्टम और रोजगार सृजन से जुड़े सुझावों को मंत्री के समक्ष रखा। राज्य में खेल के विकास एवं संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी रमाशंकर प्रसाद ने दी।  
 


संबंधित खबरें