बिहार में बंद पड़ी 9 चीनी मिलों को फिर से शुरू कराने का राज्य सरकार ने निर्णय लिया है। इसके तहत सबसे पहले गोपालगंज जिले की सासामुसा चीनी मिल (Sasamusa Sugar Mill) शुरू होगी। इस मिल के पुनरुद्धार (Revival) में कर्नाटक की निरानी सुगर्स लिमिटेड ने रुचि दिखाई है।
राज्य सरकार के साथ हुई बैठक में निरानी सुगर्स (Nirani sugars) के एमडी विशाल निरानी मौजूद रहे। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने चीनी मिल से संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी अड़चनों को शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया।
बिहार की बंद 9 चीनी मिलें : सासामुसा (गोपालगंज), चनपटिया (पश्चिम चंपारण), मोतिहारी एवं बाराचकिया (पूर्वी चंपारण), मढ़ौरा (सारण), मोतीपुर (मुजफ्फरपुर), सकरी एवं रैयाम (दरभंगा), समस्तीपुर।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पुरानी बंद चीनी मिलों के शुरू होने से किसानों को काफी फायदा होगा। रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। राज्य में 25 नई चीनी मिलों की स्थापना के लिए भी पहल शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री ने बिहार को देश के 5 विकसित राज्यों में शामिल करने के लिए एक्शन प्लान के साथ काम करने पर जोर दिया।