मुख्य समाचार

Samrat chaudhary : बिहार का राजस्व बढ़ाने के लिए उद्योगों का विस्तार जरूरी

बिहार के तेज विकास के लिए राजस्व बढ़ाना जरूरी है। जब राज्य में उद्योगों का विस्तार होगा, तभी राजस्व बढ़ेगा। उद्योगों का जाल बिछाने में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण है। कानून-व्यवस्था मजबूत होने से उद्योगपति बिहार में निवेश करना पसंद करेंगे। 

गणतंत्र दिवस पर सरदार पटेल भवन में एक कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने अपने विचारों को रखा।  

उन्होंने कहा बिहार पुलिस को कानून-व्यवस्था मजबूत करने के साथ राज्य के विकास में भी अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। गांव-गांव तक बिजली, सड़क और पानी पहुंचाने का काम सरकार ने किया है। अब उद्योगों का विस्तार हो रहा है। इसमें पुलिस की भूमिका अहम है।

गृह मंत्री ने अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने, सुशासन को मजबूती से स्थापित करने और न्याय दिलाने की प्रक्रिया को तेजी से बढ़ाने पर जोर दिया।

सम्राट चौधरी ने कहा देश के निर्माण में हर वर्ग की भूमिका है। इसमें भारतीय सेना और पुलिस सेवा का योगदान काफी महत्वपूर्ण है। भारतीय सेना जहां पूरी दुनिया में भारत को एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित कर रही है, वहीं बिहार पुलिस अपराध नियंत्रण और सुशासन को और मजबूती से लागू करने का काम कर रही है। 

बिहार में वर्ष 2005 से 2025 तक एनडीए सरकार ने न्याय के साथ विकास की कल्पना को जमीन पर उतारने का काम किया है। अब इस सोच को और आगे बढ़ाने की जरूरत है। 
 


संबंधित खबरें