बिहार विधान सभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव का कहना है विकास के लिए उद्योग एवं व्यवसाय को आगे बढ़ाना होगा। औद्योगीकरण से ही बड़े पैमाने पर स्थायी रोजगार का सृजन हो सकता है।
बिहार में भी परिवर्तन हो रहा है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। विकास के साथ लोगों की अपेक्षाएं भी बढ़ी हैं। विकास लगातार जारी रहने वाली प्रक्रिया है। विधान सभा अध्यक्ष बिहार उद्योग संघ (बीआईए) के 80वें वार्षिक समारोह के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा ईमानदारी से किया गया प्रयास हमेशा फलदायी होता है। हमारी सरकार राज्य की प्रगति के लिए काम कर रही है और हमें सफलता भी मिल रही है। नंद किशोर यादव ने माना कि समस्याएं आती रहेंगी, लेकिन कोई समस्या स्थायी नहीं होती। राज्य के विकास में सरकार के साथ जनभागीदारी की भी जरूरत है, तभी विकास को गति मिलेगी।
बीआईए के अध्यक्ष केपीएस केशरी ने औद्योगिक गतिविधि के लिए राज्य में भूखंड का एमवीआर निर्धारित करने की मांग को दोहराया। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार को नये औद्योगिक भूखंड की स्थापना राष्ट्रीय उच्चपथ, राज्य उच्चपथ एवं एक्सप्रेस-वे प्रोजेक्ट के समीप करनी चाहिए।
राज्य में ऑटोमोबाइल प्रक्षेत्र में कोई औद्योगिक इकाई नहीं है। अध्यक्ष ने उद्यमियों की बियाडा से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक सोच अपनाने पर जोर दिया।