Bihar renewable energy expo 2025 : बिहार रिन्यूएबल एनर्जी पॉलिसी 2024 को 15 दिनों में कैबिनेट से मंजूरी मिल जाएगी। नई पॉलिसी में सौर ऊर्जा और पंप पावर स्टोरेज को विशेष प्राथमिकता दी गयी है। डिप्टी सीएम सह वित्तमंत्री सम्राट चौधरी और ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने बिहार रिन्यूएबल एनर्जी एक्सपो में इसकी घोषणा की।
पटना तारामंडल परिसर में तीन दिवसीय एक्सपो (27 जून से 29 जून) के उद्घाटन समारोह को वित्त और ऊर्जा मंत्री संबोधित कर रहे थे।

डिप्टी सीएम ने बताया कि सन फार्मा ने बिहार में 1200 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा प्लांट के लिए 30 हजार करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव दिया है। बिहार सरकार अपने सालाना आंतरिक राजस्व 60 हजार करोड़ रुपए का एक चौथाई यानी 15 हजार करोड़ बिजली पर खर्च करती है।
ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि बिहार में सोलर एनर्जी की संभावना सबसे अधिक है। कार्बन उत्सर्जन को नियंत्रित करने में सोलर एनर्जी समेत नवीकरणीय ऊर्जा की जरूरत है। इससे पावर की उपलब्धता और पर्यावरण संतुलन दोनों बना रहेगा। उन्होंने बताया कि बिहार में 19 किलोवाट तक के औद्योगिक बिजली कनेक्शन को सिक्योरिटी डिपोजिट से मुक्त रखा गया है।
सिडबी की जीएम अनुभा प्रसाद ने बिहार में सोलर प्लांट एवं सोलर कंपोनेंट्स प्लांट की स्थापना के लिए उद्यमियों को हर सहयोग का भरोसा दिया।

बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) के अध्यक्ष केपीएस केसरी ने कहा कि बिहार में सौर ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने की जरूरत है। पीएम कुसुम योजना के तीन आयाम बिहार में लागू नहीं हैं। इन्हें लागू करने से बिहार में सौर ऊर्जा उत्पादन में वृद्धि होगी। उन्होंने वेयरहाउस की छतों पर सोलर प्लांट लगाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के समन्वयक सुबोध कुमार ने बताया कि एक्सपो में देश की 35 सोलर कंपनियां भाग ले रही हैं। पीएम कुसुम योजना कृषि क्षेत्र में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लायी गयी है। इस योजना का बिहार में कार्यान्वयन ठीक से नहीं हो रहा है। हरियाणा, तमिलनाडु और महाराष्ट्र ने बड़ी संख्या में सोलर पंप लगाये हैं।
कार्यक्रम को महापौर सीता साहू,एसबीआई के डीजीएम तरूण सक्सेना ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बीआईए के महासचिव अमरनाथ जायसवाल, उपाध्यक्ष आशीष रोहतगी, कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार, पूर्व अध्यक्ष अरुण अग्रवाल, राम लाल खेतान, पूर्व उपाध्यक्ष संजय गोयनका, सदस्य अनूप अग्रवाल, मनीष दुदेवाला एवं मनीष तिवारी मौजूद रहेे।