Gopal khemka murder : बिहार के चर्चित कारोबारी गोपाल खेमका की निर्मम हत्या पर बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) और बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (बीसीसीआई) ने गहरी चिंता व्यक्त की है।
संगठनों ने इस घटना को व्यापार जगत के लिए एक बड़ी क्षति बताया है। इससे उद्यमी समुदाय में शोक, आक्रोश और असुरक्षा की भावना व्याप्त हो गई है। इसका सीधा प्रभाव राज्य के व्यापार और औद्योगिक वातावरण पर पड़ेगा।

बीआईए : संघ ने राज्य के मुख्य सचिव और डीजीपी से मुलाकात कर अपराधियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।अध्यक्ष केपीएस केशरी ने कहा कि गोपाल खेमका एसोसिएशन के काफी पुराने सदस्य थे। उनकी हत्या से हम सभी स्तब्ध, दुखी एवं चिंतित हैं। यह घटना शहर के सबसे सुरक्षित एवं व्यस्त क्षेत्रों में हुई है। यह चिंता का विषय है।
मुख्य सचिव और डीजीपी से मुलाकात के दौरान संघ ने कई सुझाव दिए। व्यावसायिक एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ायी जाए। राज्य में उद्योगों के लिए सुरक्षित माहौल और खुफिया तंत्र को सशक्त बनाना होगा। शहर से बाहर निकलने और शहर में प्रवेश करने वाली जगहों पर सघन पुलिस जांच की व्यवस्था होनी चाहिए।
बीसीसीआई : चैंबर अध्यक्ष सुभाष कुमार पटवारी ने कहा कि गोपाल खेमका की हत्या से प्रतीत होता है कि अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ गया है। वे राज्य के उद्यमी एवं व्यवसायियों को निशाना बना रहे हैं। ऐसी घटना का प्रतिकूल प्रभाव राज्य के औद्योगीकरण पर पड़ेगा।