बिहार सरकार के श्रम संसाधन विभाग को सरकारी आईटीआई में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए गोल्ड अवार्ड मिला है। नई दिल्ली में आयोजित 101वें स्कॉच अवार्ड कार्यक्रम में यह सम्मान विभाग के सचिव दीपक आनंद ने प्राप्त किया।

इस मौके पर सचिव ने कहा कि राज्य सरकार के मार्गदर्शन में विभाग राज्य के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण एवं रोजगारोन्मुखी कौशल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बिहार के सभी सरकारी आईटीआई को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया गया है। इसके लिए टाटा टेक्नोलॉजी के साथ समझौता हुआ है।

गोल्ड अवार्ड सम्मान की उपलब्धि से राज्य के आईटीआई का गौरव बढ़ा है। यह पहल बिहार के युवाओं को आधुनिक कौशल से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने में मददगार होगी।