नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की 11वीं बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में उन्होंने एक विशेष अनुरोध किया।
सीएम सम्राट ने कहा कि बिहार सरकार ने हर घर, नल का जल कार्यक्रम में निवेश करते हुए जल जीवन मिशन के राष्ट्रीय लक्ष्य को हासिल कर लिया है, लेकिन कुछ कारणों से यह राशि केंद्र से नहीं मिल सकी है।
इस मद में 18 हजार करोड़ रुपये की सहायता मिलनी चाहिए। व्यय राशि के केंद्रांश रूप में लगभग 13 हजार करोड़ और योजनाओं के लिए 5 हजार करोड़ है।
सम्राट चौधरी ने बताया कि बिहार आज राष्ट्र की विकास यात्रा का सहभागी मात्र नहीं है। विकसित भारत 2047 के लिए समावेशी मानव विकास के लिए एक सक्रिय परिवर्तनकारी शक्ति के रूप में भी बिहार उभर रहा है।
उन्होंने बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास, उच्च शिक्षा, खेल, कृषि एवं किसान कल्याण, पर्यटन, आत्मनिर्भर भारत एवं स्वदेशी, ऊर्जा, ज्ञान भारतम, उद्योग एवं निवेश में बिहार सरकार के प्रयासों की चर्चा की।