बिहार सरकार ने पटना के मिलर हायर सेकेंडरी स्कूल को राज्य का मॉडल स्कूल बनाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने देवीपद चौधरी शहीद स्मारक (मिलर स्कूल) के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मॉडल स्कूल के लिए शिक्षक एवं बच्चों की सलाह सुनी। उन्होंने स्कूल परिसर, क्लास रूम, प्रयोगशाला, खेल एवं आधारभूत संरचनाओं की जानकारी ली। साथ ही रोबोटिक्स एंड एआई लैब को भी देखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मिलर हायर सेकेंडरी स्कूल को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करना है। इसके लिए समयबद्ध योजना बनाकर काम करना होगा।
इस दौरान एमएलसी नवल किशोर यादव, स्कूल की प्राचार्या किरण कुमारी, सीएम के प्रधान सचिव और सचिव, शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।