18 जुलाई 2026 से पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर एवं कैमूर के लिए सब्सिडी युक्त बिहार हेली टूरिज्म सेवा शुरू होगी। राज्य सरकार प्रति टिकट अधिकतम 15,422 रुपये का अनुदान दे रही है। यह सेवा सिर्फ शनिवार और रविवार को उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना 2026 का शुभारंभ किया। इसके साथ ही हेलीकॉप्टर सेवा की ऑनलाइन बुकिंग 13 जुलाई से शुरू हो गई। इस मौके पर डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव,पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता भी मौजूद रहे।
बिहार सरकार के अनुदान से हर पर्यटक पटना शहर की हवाई सैर (10 मिनट) 2100 रुपये में कर सकेंगे। पटना से राजगीर 4000 रुपये, पटना से वाल्मीकिनगर 5000 और पटना से कैमूर के लिए 6000 रुपये भुगतान करना होगा।

हेलीकॉप्टर सेवा योजना के शुभारंभ के मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य बिहार को विश्व पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करना है। पर्यटन के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। होम स्टे, स्थानीय हस्तशिल्प एवं ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ निजी निवेश को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार का हर नागरिक राज्य का सबसे बड़ा ब्रांड एंबेसेडर है। उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया कि वे अपने आतिथ्य और बिहार की समृद्ध संस्कृति, विरासत एवं पर्यटन स्थलों का सकारात्मक प्रचार-प्रसार करें। जब बिहार का हर नागरिक पर्यटन का दूत बनेगा, तब राज्य की पहचान देश और दुनिया में और अधिक मजबूत होगी।
कार्यक्रम को दोनों डिप्टी सीएम, पर्यटन मंत्री और पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने भी संबोधित किया।