मुख्य समाचार

SIS ग्रुप के संस्थापक आरके सिन्हा नहीं रहे 

SIS Security के संस्थापक और पूर्व राज्यसभा सांसद रवींद्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा ) नहीं रहे। 75 वर्षीय आरके सिन्हा ने नोएडा स्थित आवास पर 30 अक्टूबर (शुक्रवार) को अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे।

बिहार के चर्चित उद्यमी आरके सिन्हा के निधन पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरी शोक संवदेना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जनसंघ, बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा के निधन का समाचार दुखद है। पत्रकारिता, समाज सेवा और संगठन के प्रति उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनका निधन राजनीतिक एवं सामाजिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (BIA) ने अपने शोक संदेश में कहा कि आरके सिन्हा का निधन न केवल बिहार, बल्कि देश के औद्योगिक एवं उद्यमिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने उद्यमिता के क्षेत्र में जो मुकाम हासिल किया, वह सदैव अनुकरणीय रहेगा।

BIA  के अध्यक्ष रामलाल खेतान ने बताया कि आरके सिन्हा का एसोसिएशन के साथ आत्मीय संबंध रहा। वे एसोसिएशन की गतिविधियों में सक्रिय रुचि लेते थे। कई अवसरों पर एसोसिएशन में आकर वे अपने विचार एवं अनुभव से सदस्यों का मार्गदर्शन करते रहे। बिहार के औद्योगिक विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और उद्यमियों के साथ उनका जुड़ाव हमेशा याद रहेगा।

पूर्व राज्यसभा सांसद ने निजी सुरक्षा के क्षेत्र में एक छोटे उद्यम के रूप में SIS Security की स्थापना की थी। उन्होंने इस ग्रुप को देश की अग्रणी निजी सुरक्षा कंपनियों में स्थापित किया। इसका विस्तार भारत की सीमाओं से आगे अंतरराष्ट्रीय स्तर तक हुआ। उनकी यह असाधारण उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प, नवाचार और कर्मठता के बल पर एक छोटे उद्यम को भी वैश्विक पहचान दिलाई जा सकती है।


संबंधित खबरें