मुख्य समाचार

Gayaji-Bankok नॉन स्टॉप विमान सेवा शुरू, सीएम ने दिखाई हरी झंडी

गयाजी से बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू हो गई है। इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E1083 का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हरी झंडी दिखाकर किया। गयाजी से बैंकॉक के बीच यह उड़ान सेवा सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। इस हवाई सेवा से बिहार की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होेगी। साथ ही पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

इंडिगो एयरलाइंस के स्पेशल डायरेक्टर आरके सिंह ने मुख्यमंत्री को गयाजी-बैंकॉक की सांकेतिक बोर्डिंग पास भेंट की। इस मौके पर दोनों डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध की ज्ञान की भूमि बिहार और थाइलैंड के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को नई गति मिलेगी। सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा से विदेशी पर्यटकों को सुविधा होगी। 

मुख्यमंत्री ने इस पहल में सहयोग के लिए इंडिगो एयरलाइंस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं के विस्तार को प्रोत्साहन मिलेगा। बिहार में नये अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर हवाई संपर्कता बढ़ाने की नीति पर काम हो रहा है। इंडिगो एयरलाइंस से इस दिशा से सहयोग की अपेक्षा है। 
 


संबंधित खबरें