मुख्य समाचार

कल्पना पटवारी को राजकुमार शुक्ल कला शिखर सम्मान

कला एवं संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए लोक गायिका कल्पना पटवारी को पंडित राजकुमार शुक्ल कला शिखर सम्मान मिला है। चंपारण सत्याग्रह के सूत्रधार राजकुमार शुक्ल की 151वीं जयंती पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह सम्मान दिया। विधान परिषद के एनेक्सी सभागार में आयोजित समारोह में शुक्ल शौर्य स्मारिका का लोकार्पण भी हुआ।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकुमार शुक्ल की जयंती पर राजकीय समारोह का आयोजन होगा। उनके योगदान और चंपारण सत्याग्रह के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी नई पीढ़ी को मिलेगी। राजकुमार शुक्ल के अथक प्रयासों से महात्मा गांधी चंपारण की धरती पर आए। किसानों को अंग्रेजों के अत्याचार से मुक्ति दिलाने के लिए ऐतिहासिक सत्याग्रह का नेतृत्व किया। 

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष राज्य में सामान्य से लगभग 30 प्रतिशत कम बारिश हुई है। किसानों को सिंचाई के लिए सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक बिजली मिलेगी। सहयोग कार्यक्रम सुशासन का प्रतीक है। इस कार्यक्रम के माध्यम से अब तक 6 लाख 42 हजार आवेदन मिले हैं। इनमें 96 प्रतिशत आवेदनों का निपटारा हो चुका है। पिछले 5 दिनों में रोजगार मेले के माध्यम से 20,226 युवाओं को रोजगार मिला है।

समारोह में पंडित राजकुमार शुक्ल के परिजन, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, राजकुमार शुक्ल स्मृति संस्थान से जुड़े लोग मौजूद रहे। 
 


संबंधित खबरें