मुख्य समाचार

पूर्णिया से 1 मीट्रिक टन मखाना ग्रीस के लिए निर्यात

पूर्णिया से 1 मीट्रिक टन (1000kg) मखाना एपीडा के सहयोग से ग्रीस निर्यात किया गया है। पूर्णिया के इंडो ग्लोबल एक्सपोर्ट ने इस व्यावसायिक खेप को एसएस फूड्स एक्सपोर्ट्स दिल्ली को भेजा है। यह खेप मुंद्रा पोर्ट से ग्रीस के पिरियस पोर्ट तक जाएगी। इस निर्यात से घरेलू बाजार की तुलना में मखाना की अधिक कीमत मिली है। 

मखाना उत्पादन में भारत विश्व में अग्रणी है। देश के कुल उत्पादन में बिहार की हिस्सेदारी लगभग 80 से 85 प्रतिशत है। बिहार के 10 जिलों में 35,000 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में मखाने की खेती होती है। इस सेक्टर को बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर और आईसीएआर के नेशनल रिसर्च सेंटर फॉर मखाना दरभंगा से तकनीकी मदद मिल रही है।

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में भारत ने 7200 मीट्रिक टन से अधिक मखाना और इससे जुड़े उत्पादों को 20 से अधिक देशों को निर्यात किया है। इससे लगभग 22 मिलियन अमेरिकी डॉलर आय हुई। 

अमेरिका, मध्यपूर्व और अफ्रीका सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय मखाना की मांग लगातार बढ़ रही है। इस वर्ष जीआई टैग मिथिला मखाना की खेप अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और ग्रीस भेजी गई है। कृषि मंत्री ने कहा कि निर्यात के लिए मजबूत आधारभूत संरचना आवश्यक है। इसके लिए एक्सपोर्ट पैक हाउस का निर्माण हुआ है।  
 


संबंधित खबरें