नई दिल्ली/एजेंसी। सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय को सुप्रीम कोर्ट से फिर बड़ा झटका लगा है। पुणे के निकट अपने प्रीमियम प्रॉजेक्ट एम्बी वैली की नीलामी रोकने के लिए सहारा ग्रुप ने नौ अगस्त को सुप्रीम कोर्ट से गुहार लगाई, लेकिन कोर्ट ने नीलामी रोकने से इनकार कर दिया। सेबी को बकाया रकम नहीं चुकाने की वजह से एम्बी वैली की नीलामी की प्रक्रिया शुरू की गई है। सुप्रीम कोर्ट ने सहारा ग्रुप से लगभग 20,000 करोड़ रुपये चुकाने के लिए कहा था। यह रकम उन इनवेस्टर्स को दी जानी है जिन्होंने सेबी की ओर से अवैध घोषित की गई सहारा ग्रुप की दो स्कीमों में इनवेस्ट किया था।