नई दिल्ली/एजेंसी। मुकेश अंबानी की स्वामित्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिडेट दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी ऊर्जा कंपनी बन गई है। रिलायंस ने पिछले साल की तुलना में इस मामले में पांच स्थान की छलांग लगाई है। रिलायंस को पिछले साल इस सूची में आठवां स्थान प्राप्त हुआ था। उससे आगे रूस की गैस फर्म गेजप्रॉम और जर्मनी की ई.ऑन है। प्लैट्स की शीर्ष 250 ग्लोबल एनर्जी कंपनी रैंकिंग के मुताबिक सरकारी कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन सूची में शीर्ष 10 में स्थान बनाने में कामयाब रही। इंडियन ऑयल को सातवां स्थान मिला है।
ओएनजीसी को 2017 की सूची में 11वां स्थान मिला है जबकि 2016 में 20 वें स्थान पर थी। कोल इंडिया लिमिडेट एकमात्र ऐसी भारतीय कंपनी है, जिसकी रैंकिंग में गिरावट आई है। 2017 में कोल इंडिया को 45 वां स्थान मिला है जबकि 2016 में वह 38 वें स्थान पर थी। रूस की गेजप्रॉम ने अमेरिका की तेल और गैस क्षेत्र की दिग्गज एक्सॉन मोबिल की 12 साल की बादशाहत को खत्म करते हुए सूची में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस साल सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली कंपनी जर्मनी की ई.ऑन है। वह 112 स्थान की छलांग लगाकर सीधे दूसरे स्थान पर पहुंच गयी है।
एसएंडपी ग्लोबल प्लैट्स द्वारा प्रकाशित वार्षिक टॉप 250 में चार प्रमुख मैट्रिक्स, एसेट्स वैल्यू, रेवेन्यू, प्रॉफिट और रिटर्न इन्वेस्टमेंट का इस्तेमाल करते हुए वित्तीय प्रदर्शन के आधार पर कंपनियों को स्थान देता है। सूची में शामिल सभी कंपनियों की संपत्ति 5.5 अरब डॉलर से अधिक है।