नई दिल्ली । रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि भारत जल्द ही तीसरी बड़ी इकोनाॅमी बनेगा और इसे बढ़ाने में इंटरनेट का बड़ा योगदान होगा। इंटरनेट डेटा इकोनाॅमी का ऑयल बनने जा रहा है। हम अगली औद्योगिक क्रांति के अगुवा बनेंगे। उन्होंने कहा कि भारत इंटरनेट के मामले में काफी आगे हैं। देश में पिछले छह महीने में 4 जी इंटरनेट नेटवर्क 2 जी नेटवर्क से भी ज्यादा बड़ा हो गया है। वह दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित तीन दिवसीय मोबाइल वल्र्ड कांग्रेस को संबोधित कर रहे थे। मोबाइल वल्ड कांग्रेस का समापन 29 सितंबर को होगा। अंबानी ने कहा कि अगर हम देश के युवाओं को सही साधन उपलब्ध कराएंगे तो, वे देश में लाखों स्टार्टअप खड़ा कर सकते हैं।
भारत अगली औद्योगिक क्रांति की अगुवाई करेगा। अंबानी ने इसके लिए सरकार और इंडस्ट्री के सामने तीन रोडमैप रखे। उन्होंने कहा कि सबसे पहले इनोवेटिव आइडियाज को तलाशने की जरूरत है। सरकार और इंडस्ट्री दोनों को ही यह काम तेजी से करना होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं में विश्वास पैदा करना होगा कि वे अपने आइडिया से देश को बदल सकते हैं। अंबानी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबॉटिक्स व 3 डी टेक्नोलाॅजी के क्षेत्र में बहुत काम किया जा सकता है। ये न केवल रोजगार के बड़े साधन साबित होंगे, बल्कि देश की दिशा और दशा भी तय करेंगे। दूसरा महत्वपूर्ण विषय डिजिटल टेक्नोलाॅजी है। तीसरा महत्वपूर्ण लक्ष्य शिक्षा का डिजिटाइजेशन है।