मुंबई/एजेंसी । टेलिकॉम मार्केट में कंपनियों के विलय का दौर जारी है। एयरटेल और टाटा टेलिसर्विसेज के बाद अब रिलायंस कम्यूनिकेशंस और सिस्टेमा के एमटीएस ब्रांड के विलय को मंजूरी मिल गई है। इस विलय के साथ ही टेलिकॉम सेक्टर में सिर्फ 10 कंपनियां रह जाएंगी। अनिल अंबानी के नेतृत्व वाली कंपनी रिलायंस कम्यूनिकेशंस का कहना है कि इसके लिए उसे टेलिकॉम डिपार्टमेंट की भी मंजूरी मिल गई है।
कंपनी ने बताया कि रिलायंस कम्यूनिकेशंस लिमिटेड को टेलिकॉम डिपार्टमेंट की ओर से सिस्टेमा श्याम टेलिसर्विसेज लिमिटेड के वायरलेस बिजनस के विलय की मंजूरी मिल गई है। इससे कंपनी के पास 800/850 मेगाहर्टज बैंड स्पेक्ट्रम की भी क्षमता होगी। आर कॉम का कहना है कि इससे उसे 4जी एलटीइ सर्विसेज में मदद मिलेगी। आरकॉम की ओर से बयान में कहा गया कि कंपनी की वैलिडिटी 2021 से 2033 तक हो जाएगी। कंपनी को दिल्ली, गुजरात, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, कोलकाता, यूपी पश्चिम और पश्चिम बंगाल सर्कलों में मदद मिलेगी।
रिलायंस कम्यूनिकेशंस के मुताबिक इस विलय के कारण कंपनी को 20 लाख अतिरिक्त सब्सक्राइबर्स मिलेंगे। इसके अलावा उसके रेवेन्यू में भी 700 करोड़ रुपये सालाना का इजाफा होगा। सिस्टेमा के 30 लाख वायरलेस सब्सक्राइबर्स हैं।