नागपुर/एजेंसी। फ्यूचर ग्रुप के सीईओ किशोर बियानी ने कहा कि देश में उभर रहे ऑनलाइन रिटेल बिजनस को बिग बाजार और इजी डे जैसे ऑफलाइन खुदरा आउटलेट्स से खतरा है। हमारी कंपनी का नाम फ्यूचर ग्रुप है। हम भविष्य को देखकर काफी पहले योजना बना लेते हैं।
बियानी ने कहा कि ऑनलाइन खुदरा कारोबार की बाजार हिस्सेदारी कम है, लेकिन इसकी लागत अधिक है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में खुदरा उपभोक्ताओं का छोटा हिस्सा ही फ्लिपकार्ट और एमेजॉन से रोजाना इस्तेमाल की चीजें खरीद रहा है। भारतीयों की ऑनलाइन खरीदारी का बुखार उतर जाने की बात कहते हुए कहा कि अगर वैश्विक स्तर पर देखेंगे, तो अलीबाबा सिर्फ ऑफलाइन खुदरा कारोबार ही खरीद रहा है। एमेजॉन भी यही कर रहा है।
बियानी ने बताया कि फैशन और खाद्य श्रेणी में लगातार मांग आ रही है। फैशन श्रेणी में तेज वृद्धि हो रही है और एफबीबी, सेंट्रल और ब्रैंड फैक्टरी जैसे चेन काफी अच्छी स्थिति में हैं। उन्होंने कहा कि चीन के बारे में माना जाता है कि वह सबसे अधिक डिजिटल है, लेकिन वहां भी ऑफलाइन खुदरा कारोबार की हिस्सेदारी 82 प्रतिशत है। अमेरिका में यह 89 प्रतिशत है। इसी तरह भारत में भी ऑफलाइन खुदरा कारोबार का भविष्य बेहतर है क्योंकि ऑनलाइन खुदरा कारोबार की हिस्सेदारी काफी कम है।