कोलकाता/एजेंसी । बंगाल के आमों का स्वाद शीघ्र ही माजा ब्रांड में मिलेगा। कोकाकोला इंडिया अपने माजा ब्रांड के लिए बंगाल से आम खरीदने की योजना बना रही है। साथ ही वह कुछ और फलों को भी पश्चिम बंगाल से खरीदेगी।
भारत में कंपनी के अध्यक्ष टी. कृष्ण कुमार ने बताया कि शीघ्र ही इस बारे में निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कंपनी पश्चिम बंगाल से दो या तीन फलों को खरीदने पर विचार कर रही है। इनमें आम और अनानास प्रमुख हैं। आम की खरीद के लिए कंपनी ने राज्य के बागवानी विभाग से बातचीत की है। बंगाल का हिमसागर और लंगरा आम प्रसिद्ध है। सालाना 7 लाख टन के करीब आम का उत्पादन होता है।
पश्चिम बंगाल में कोकाकोला के लिए बॉटलिंग का काम रही बंगाल बेवरेज-दानकुनी के प्रबंध निदेशक एस.आर.गोयनका ने कहा कि फिलहाल बंगाल से किसी तरह के फल की खरीद नहीं हो रही है, लेकिन गर्मी में प्रयोग के तौर पर कुछ आम की खरीद होगी।