मुख्य समाचार

संप्रदा सिंह बने देश के सबसे बुजुर्ग अरबपति

पटना / नई दिल्ली । अल्केम लैब के चेयरमैन एमेरिटस (सेवामुक्त) संप्रदा सिंह (92) सबसे बुजुर्ग भारतीय अरबपति हैं। वह बिहार के जहानाबाद के रहने वाले हैं। फोर्ब्स  की ‘द वर्ल्ड बिलियनेयर्स लिस्ट 2018’ में संप्रदा सिंह 1.2 अरब डॉलर की दौलत के साथ 1867 वें स्थान पर हैं। भारतीय मुद्रा में यह 7,500 करोड़ रुपये के करीब है। 

संप्रदा सिंह ने अल्केम की स्थापना 1973 में की थी। अपना व्यवसाय शुरू करने से पहले वह एक दवा की दुकान में काम करते थे। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से बीकॉम किया है। फिलहाल वह मुंबई में सपरिवार रहते हैं। कुछ साल पहले वह देश के धनवानों की सूची में अनिल अंबानी को पीछे कर चुके हैं। क्लैवम और टैक्सिम एंटीबायोटिक से पहचान बनाने वाली अल्केम कंपनी का शेयर नवंबर 2016 से अब तक दोगुना हो चुका है। 

पेटीएम के फाउंडर विजय शेखर शर्मा (39) सबसे युवा भारतीय अरबपति हैं। 

फोर्ब्स  की सूची में उद्योगपति मुकेश अंबानी देश के सबसे अमीर व्यक्ति बने हैं। विश्व में उनका स्थान 19 है। विप्रो के अजीम प्रेमजी इस साल लक्ष्मी मित्तल को पीछे छोड़ते हुए देश के दूसरे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। वैश्विक सूची में वह 58 वें स्थान पर हैं। स्टील किंग लक्ष्मी मित्तल देश में तीसरे, एचसीएल के फाउंडर शिव नादर चौथे व सन फार्मा के दिलीप सांघवी पांचवें सबसे अमीर भारतीय हैं। 

फोर्ब्स की लिस्ट में सबसे अमीर भारतीय महिला जिंदल स्टील की सावित्री जिंदल हैं। 


संबंधित खबरें