मुख्य समाचार

भारत बना दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल उत्पादक देश 

नई दिल्ली/एजेंसी । भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल उत्पादक देश बन गया है। पहला स्थान चीन का है। इंडियन सेल्युलर असोसिएशन (आईसीए) के अनुसार भारत ने हैंडसेट उत्पादन में वियतनाम को पीछे छोड़ दिया है। 

आईसीए के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज महेंद्रू ने दूरसंचार मंत्री मनोज सिन्हा और आईटी मंत्री रवि शंकर प्रसाद को लिखे पत्र में कहा कि हमें खुशी हो रही है कि भारत सरकार, आईसीए और फास्ट ट्रैक टास्क फोर्स (एफटीटीएफ) के सामूहिक प्रयासों से भारत संख्या के लिहाज से दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल उत्पादक देश बन गया है। 

आईसीए ने बाजार अनुसंधान फर्म आईएचएस, चीन के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो और वियतनाम के सामान्य सांख्यिकी कार्यालय से उपलब्ध आंकड़ों का हवाला दिया है। आंकड़ों के मुताबिक देश में मोबाइल फोन का वार्षिक उत्पादन 2014 में 30 लाख इकाई से बढ़कर 2017 में 1.1 करोड़ इकाई हो गया है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत फास्ट ट्रैक टास्क फोर्स (एफटीटीएफ) ने 2019 तक मोबाइल फोन उत्पादन 50 करोड़ इकाई तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है, जिसका अनुमानित मूल्य करीब 46 अरब डॉलर होगा।
 


संबंधित खबरें