मुंबई। कल्याण ज्वैलर्स के नये विज्ञापन का ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कन्फेडरेशन (एआईबीओसी) ने विरोध किया है। टीवी विज्ञापन में कंपनी के ब्रांड एंबेसडर अमिताभ बच्चन और उनकी बेटी श्वेता बच्चन नंदा हैं।
एआईबीओसी के महासचिव सौम्य दत्त ने कहा कि विज्ञापन में बैंक की छवि धूमिल करने की कोशिश की गई है। संघ ने कल्याण ज्वैलर्स से विज्ञापन वापस लेने और माफी मांगने को कहा है। ऐसा नहीं होने पर मुकदमा एवं देशव्यापी धरना होगा। साथ ही एडवर्टाइजिंग काउंसिल आॅफ इंडिया से भी शिकायत की जाएगी।
क्या है मामला : विज्ञापन में अमिताभ बच्चन एक पेंशनभोगी के रूप में बेटी श्वेता नंदा के साथ बैंक की एक शाखा में पहुंचते हैं। बैंक कर्मचारी एक काउंटर से दूसरे काउंटर एवं बाद में मैनेजर के पास भेजते हैं। मैनेजर से अमिताभ बच्चन कहते हैं कि उनके खाते में पेंशन दो बार गलती से जमा हो गई है। वह इसे लौटाना चाहते हैं। इस पर मैनेजर कहते हैं कि उन्हें पार्टी करनी चाहिए। वैसे भी इसे कोई देखने वाला नहीं है। बाद में मैनेजर को गलती का एहसास होता है।बाद में विज्ञापन में कहा जाता है जहां उसूल है, वहां भरोसा है। कल्याण ज्वैलर्स, भरोसा ही सब कुछ है।
कल्याण ज्वैलर्स ने एआईबीओसी से कहा है कि विज्ञापन शुरू करने से पहले खंडन (डिस्कलेमर) जारी किया जाएगा। जिसमें कहा जाएगा कि पात्र और परिस्थितियां काल्पनिक हैं। ब्रांड किसी भी व्यक्ति या समुदाय को अपमानितया बदनाम करने का इरादा नहीं रखता है।
बैंक संघ कल्याण ज्वैलर्स के प्रस्ताव से खुश नहीं है। उनका कहना है कि जब तक विज्ञापन बंद नहीं होता है। यह स्वीकार नहीं होगा।