नई दिल्ली/एजेंसी। एसबीआई को देश का सबसे समर्पित और देशभक्त ब्रांड चुना गया है। उसके बाद टाटा मोटर्स, पतंजलि, रिलायंस जियो और बीएसएनएल का स्थान है। रिपोर्ट एक सर्वे पर आधारित है। ब्रिटेन की ऑनलाइन मार्केट रिसर्च एंड डेटा ऐनालेटिक्स फर्म यूगव ने सर्वे करवाया था।
सर्वे में एसबीआई सबसे आगे रहा । करीब 16 फीसदी लोगों ने एसबीआई को सबसे अग्रणी देशभक्त ब्रांड बताया। टाटा मोटर्स और पतंजलि को जहां आठ-आठ फीसदी ,वहीं रिलायंस जियो और बीएसएनएल को छह-छह फीसदी लोगों ने राष्ट्रभक्त ब्रांड बताया।
सर्वे में 11 श्रेणियों में 152 ब्रांडों को शामिल किया गया था। यूगव ने इस सर्वे के संबंधित आंकड़े ऑनलाइन जुटाए थे। सर्वे दो अगस्त से आठ अगस्त के बीच हुआ था। इसमें 1,193 लोगों की राय ली गई। यूगव (यूजीओवी) ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों की बात करें तो वित्तीय क्षेत्र इस मामले में सबसे आगे रहा। एसबीआई और एलआईसी के नाम प्रमुख रहे। इसके बाद वाहन, टिकाऊ उपभोक्ता सामान, खाद्य एवं दूरसंचार क्षेत्रों का स्थान था।
खाद्य श्रेणी में अमूल सबसे आगे, उसके बाद पतंजलि का स्थान है। हालांकि पर्सनल केयर क्षेत्र में पतंजलि आगे रहा। उसने डाबर और विको को पीछे छोड़ दिया।
दूरसंचार क्षेत्र के सर्वे में बीएसएनएल ने रिलायंस जियो को पीछे छोड़ दिया। होमकेयर श्रेणी में निरमा देश का सबसे अधिक राष्ट्रभक्त ब्रांड एवं बेवरेज श्रेणी में टाटा टी सबसे आगे रहा।