मुख्य समाचार

बिस्किट कंपनी प्रिया गोल्ड को सरकार देगी जमीन

पटना/05.12.2018 । बिस्किट बनाने वाली कंपनी प्रिया गोल्ड ( सूर्या फूड एंड एग्रो लि.) को राज्य सरकार जमीन उपलब्ध करायेगी। कंपनी बिहार में निवेश के लिए इच्छुक है। बिहार की नई औद्योगिक नीति 2016 के तहत 761 करोड़ के निवेश से 85 यूनिट लग चुकी है। उद्योग लगाने के लिए आए 1030 आवेदन में चयनित 880 आवेदन को पहले चरण का क्लीयरेंस मिल चुका है। इसमें 12,265 करोड़ की राशि निहित है। 

उक्त जानकारी डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने दी। वे बिहटा में 130 करोड़ की लागत से एमएसएमआई मंत्रालय के टेक्नोलॉजी सेंटर के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। टेक्नोलॉजी सेंटर के निर्माण के लिए 15 एकड़ जमीन बिहार सरकार ने निःशुल्क उपलब्ध करायी है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह एवं राम कृपाल यादव भी मौजूद थे। 

प्रतिवर्ष 50 लाख यात्री वहन क्षमता वाले बिहटा हवाई अड्डा के लिए राज्य सरकार ने 108 एकड़ व आईटी पार्क के लिए 63 एकड़ जमीन उपलब्ध करायी है। डिप्टी सीएम ने कहा कि बिहटा नोयडा की तरह विकसित हो रहा है। यहां कई शिक्षण संस्थान खुल चुके हैं। केंद्र सरकार के मेडिकल कॉलेज में अगले साल से पढ़ाई शुरू हो जायेगी। एससी-एसटी उद्यमियों को सरकार 10 लाख रुपये की सहायता दे रही है। इसमें 5 लाख अनुदान व 5 लाख रुपये का कर्ज ब्याजमुक्त होगा। ट्रेनिंग के लिए 25 हजार राशि अतिरिक्त मिल रही है। 


संबंधित खबरें