दरभंगा/24.12.18 । दरभंगा एयरपोर्ट के सिविल एनक्लेव भवन का निर्माण कार्य 31 मई, 2019 तक पूरा हो जायेगा । इसके साथ ही जून 2019 से यहां से स्पाइसजेट की विमान सेवा शुरू हो जायगी । दरभंगा एवं निकटवर्ती जिलों के लोग दिल्ली, मुंबई एवं बेंगलुरु विमान से जा सकेंगे । अब इन जगहों पर जाने के लिए क्षेेत्र के विमान यात्रियों को पटना आने की जरूरत नहीं होगी । केंद्र सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत उड़ान सेवा शुरू हो रही है ।
टर्मिनल का नाम महाकवि विद्यापति के नाम पर होगा । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु के भूमि पूजन के साथ ही सिविल एनक्लेव भवन का निर्माण कार्य शुरू हो गया। मुख्यमंत्री ने दरभंगा से रायपुर, कोलकाता, भुवनेश्वर, रांची एवं जनकपुर (नेपाल) के लिए भी विमान सेवा शुरू करने की बात कही । इन जगहों पर अधिक संख्या में मिथिलावासी रहते हैं ।
सीएम ने कहा दरभंगा एयरफोर्स की जमीन पर बन रहे सिविल एनक्लेव के लिए राज्य सरकार ने 121.43 करोड़ रुपये स्वीकृत किया है । इसके बदले एयरफोर्स को दूसरी जगह राज्य सरकार जमीन देगी । पूर्णिया एवं बिहटा में भी एयरपोर्ट निर्माण होने से लोगों को सुविधा होगी । बिहटा एयरपोर्ट के लिए 108 एकड़ जमीन का हस्तांतरण हुआ है । गया एयरपोर्ट पर चार्टर फ्लाईट से दूसरे देश से लोग आ रहे हैं । गया से अन्य जगहों के लिए भी विमान सेवा शुरू करने पर उन्होंने जोर दिया।
कार्यक्रम को डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु, जयंत सिन्हा एवं रामकृपाल यादव ने भी संबोधित किया । इस अवसर पर दरभंगा एयरफोर्स एयरबेस के वाइस एयर मार्शल राजेश इस्सर, राज्य सरकार के मंत्री महेश्वर हजारी एवं मदन सहनी, क्षेत्र के सांसद एवं विधायक, अपर मुख्य सचिव आरके महाजन समेत प्रमंडल के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।