मुख्य समाचार

मोतिहारी में मदर डेयरी का मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट शुरू

मोतिहारी/19.01.2019। मदर डेयरी के मठ बनवारी (पिपरा कोठी) में मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट का उद्घाटन केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह एवं डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने किया । रिकाॅर्ड 11 माह में बने प्लांट की क्षमता प्रतिदिन 1 लाख लीटर दूध प्रोसेसिंग की है । मदर डेयरी नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (एनडीडीबी) की सहायक कंपनी है।

इस मौके पर डिप्टी सीएम ने कहा यह संयंत्र मार्च, 2019 से 1250 गांवों के 50 हजार किसानों से प्रतिदिन 2 लाख लीटर दूध का संग्रह करेगा। । अब सुधा व मदर डेयरी दोनों मिल कर किसानों से दूघ की खरीद करेंगे । कम्फेड 2019-20 में समस्तीपुर में 5 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता के डेयरी संयंत्र और बिहिया (आरा) में 300 मीट्रिक टन प्रतिदिन उत्पादन क्षमता के पशु आहार कारखाना लगायेगा । 

उन्होंने कहा किसानों की आमदनी केवल धान व गेहूं की खेती से दोगुनी नहीं होगी। इसके लिए समग्र रूप से वानिकी, डेयरी, मछली और मुर्गी पालन को अपनाना होगा । फिलहाल बिहार में प्रतिदिन 18 लाख किलो दूध का संग्रह व 14 लाख लीटर की मार्केटिंग सुधा डेयरी कर रहा है। डेयरी लगाने वालों को सरकार 50 फीसदी एवं एससी- एसटी को 66 प्रतिशत अनुदान दे रही है।

चालू वित्त वर्ष में सुपौल में 1 लाख लीटर क्षमता का डेयरी संयंत्र, समस्तीपुर व हाजीपुर में 30-30 मीट्रिक टन के दूध पाउडर संयंत्र, पटना व नालंदा में 20-20 हजार किलो दैनिक क्षमता के आइसक्रीम प्लांट स्थापित किये गये हैं । सुधा फ्लेवर्ड मिल्क एवं सेब का जूस बाजार में लाने के साथ ही गुवाहाटी में सुधा के दूध एवं अन्य उत्पादों की  मार्केटिंग शुरू हो गई है।

इस मौके पर एनडीडीबी एंव मदर डेयरी के वरिष्ठ अधिकारी, पर्यटन मंत्री प्रमोद कुमार एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधि मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें