मुख्य समाचार

बिहार खादी बोर्ड का अमेजन इंडिया के साथ एमओयू

पटना/ 13.02.19 । बिहार खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड ने अमेजन इंडिया के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया । समझौते के अनुसार अमेजन इंडिया ग्रामीण खादी बुनकरों के प्रोडक्ट को अपने ग्राहकों को बेचने की सुविधा देगा । ऑनलाइन पोर्टफोलियो में साड़ी, शर्ट, पुरुषों के कुर्ते, स्त्रियों की कुर्ती एवं शहरी क्षेत्रों में मांग वाले अन्य सामान होंगे ।  

एमओयू पर अमेजन इंडिया के निदेशक (विक्रेता सेवाएं) गोपाल पिल्लई एवं खादी व ग्रामोद्योग बोर्ड के सीईओ बीएन प्रसाद ने हस्ताक्षर किया । इस मौके पर उद्योग मंत्री जय कुमार सिंह भी मौजूद थे । समारोह विकास भवन के काॅन्फ्रेंस हाॅल में संपन्न हुआ ।  

उद्योग मंत्री जय कुमार सिंह ने कहा अमेजन इंडिया के सहयोग से खादी वस्त्र कारीगरों के प्रोडक्ट को लोगों तक पहुंचनाने में और मदद मिलेगी । इससे रोजगार भी बढ़ेगा । सरकार 83 खादी समितियों की सहायता कर रही है। 

अमेजन इंडिया के गोपाल पिल्लै ने कहा खादी उत्पादों की लगातार बढ़ रही मांग को पूरा करने के लिए बिहार खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के साथ साझेदारी कर हमें खुशी है । इससे अमेजन के ग्राहकों तक प्रोडक्ट पहुंचाने में आसानी होगी ।

खादी बोर्ड के सीईओ बीएन प्रसाद ने कहा कि खादी के बढ़ते प्रचलन को देखते हुए ग्राहकों की पसंद को समझना जरूरी है । इस साझेदारी से बुनकरों को बाजार मिलेगा । बुनकरों की आर्थिक एवं तकनीकी मदद के लिए सरकार की कई योजनाएं हैं। 


संबंधित खबरें