मुख्य समाचार

कर्ज में फंसी जेट एयरवेज के चेयरमैन नरेश गोयल का इस्तीफा

नई दिल्ली/एजेंसी/25.03.19 । कर्ज में फंसी जेट एयरवेज के चेयरमैन नरेश गोयल और उनकी पत्नी अनिता गोयल ने बोर्ड की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। अब जेट एयरवेज को कर्ज देने वाले बैंकों का समूह चलाएगा। बैंक करीब 1500 करोड़ रुपये की वित्तीय  सहायता जेट को देंगे। नरेश गोयल ने 1993 में एयरलाइन कंपनी शुरू की थी।

कर्ज में फंसे होने के कारण गोयल की जेट एयरवेज में हिस्सेदारी 51 फीसदी से घटकर 25.5 फीसदी रह गई है जबकि बैंकों की हिस्सेदारी 51 फीसदी हो गई है। एसबीआई के चेयरमैन रजनीश कुमार ने कहा कि जेट एयरवेज के लिए नये निवेशक या खरीददार मई अंत तक मिलने की उम्मीद है। जेट एयरवेज पर कई पब्लिक और विदेशी बैंकों का कर्ज है। 

जेट के पायलट पहले ही अल्टीमेटम दे चुके हैं कि अगर 31 मार्च तक उनका बकाया नहीं मिला, तो वे फ्लाइट नहीं उड़ाएंगे। कंपनी के 80 से अधिक विमान परिचालन से बाहर हो चुके हैं। कंपनी अप्रैल 2019 अंत तक कम से कम 14 अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर उड़ान भी रद्द कर चुकी है। 

अबू धाबी स्थित एतिहाद की जेट एयरवेज में अभी 24 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जो घटकर 12 फीसदी हो जायेगी। एतिहाद एयरवेज के नामित निदेशक केविन नाइट को भी इस्तीफा देना पड़ा।
 


संबंधित खबरें