नई दिल्ली/13.05.19। आईटीसी ने कंपनी के एमडी संजीव पुरी को उनकी वर्तमान जिम्मेवारी के साथ चेयरमैन नियुक्त किया है। कंपनी के निदेशक मंडल की सोमवार की बैठक में संजीव पुरी को चेयरमैन का दायित्व देने का निर्णय लिया गया। नियुक्ति 13 मई 2019 से ही प्रभावी है। पुरी प्रबंध निदेशक के पद पर 16 मई 2017 से हैं।
पूर्व चेयरमैन वाई.सी.देवेश्वर के निधन के बाद निदेशक मंडल ने यह निर्णय लिया। देवेश्वर का 11 मई की सुबह निधन हो गया था। आईटीसी ने नई पीढ़ी के नेतृत्व को आगे बढ़ाने के लिए 2017 में चेयरमैन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी का पद अलग कर दिया था।
इधर, आईटीसी लिमिटेड ने चौथी तिमाही के नतीजे भी जारी कर दिये। 31 मार्च 2019 को समाप्त तिमाही में शुद्ध लाभ 18.72 प्रतिशत बढ़कर 3,481.9 करोड़ रुपये रहा। 2017-18 की इसी तिमाही में कंपनी को 2,932.71 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। 5.75 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड की भी सिफारिश की गई है।