मुंबई/25.05.19। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) आमदनी के लिहाज से विश्व की तीसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई है। टीसीएस ने अमेरिकी कंपनी डीएक्ससी टेक्नोलॉजी को पीछे छोड़कर यह उपलब्धि हासिल की है। 2018-19 में टीसीएस की आय 1.46 लाख करोड़ रुपये (2090 करोड़ डॉलर) जबकि डीएक्ससी टेक्नोलॉजी की आय 1.44 लाख करोड़ (2070 करोड़ डॉलर) रुपये रही।
आमदनी के मामले में विश्व की सबसे बड़ी कंपनी आईबीएम है। इसकी सालाना आय करीब 7500 करोड़ डॉलर है। एक्सेंचर दूसरे और टीसीएस तीसरे स्थान पर है। मार्केट वैल्यू के हिसाब से टीसीएस भारत की सबसे बड़ी कंपनी है।
राजेश गोपीनाथन के सीईओ बनने के बाद से कंपनी लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है। इस कारण उनके वेतन में 28 फीसदी वृद्धि की गई। अभी वेतन 16 करोड़ रुपये हो गया है। टीसीएस की आय में अमेरिका की हिस्सेदारी 53 और यूरोप की 29.7 फीसदी है। भारत की हिस्सेदारी मात्र 5.7 प्रतिशत है। 2018-19 में कंपनी का शुद्ध लाभ 31,562 करोड़ रुपये था।