नई दिल्ली/10.09.19। बिहार के मोतिहारी से नेपाल के अमलेखगंज जाने वाली 69 किलोमीटर पेट्रोलियम पाइपलाइन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी.शर्मा ओली ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिग के जरिये संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। दक्षिण एशिया में किसी पड़ोसी देश के साथ शुरू होने वाली यह पहली पेट्रोलियम पाइपलाइन परियोजना है।
नेपाल के प्रधानमंत्री ओली ने परियोजना के समय से पहले पूरा होने पर भारत के प्रति आभार जताया। भारत की 324 करोड़ रुपये की मदद से परियोजना पूरी हुई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होगा। इसका अलग-अलग क्षेत्रों तक विस्तार होगा। ओली ने प्रधानमंत्री मोदी को नेपाल आने का आमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।
अब तक भारत से नेपाल टैंकर के जरिये पेट्रोलियम उत्पादों को भेजा जाता रहा है। पाइपलाइन के जरिये हर साल 20 लाख टन (दो मिलियन मीट्रिक टन) पेट्रोलियम उत्पादों को उचित दाम पर नेपाल भेजा जायेगा। इससे नेपाल के लोगों को किफायती दाम पर स्वच्छ पेट्रोलियम उत्पाद उपलब्ध होगा।
इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री ओली की उस घोषणा का स्वागत किया, जिसमें नेपाल में पेट्रोलियम उत्पादों के दाम में दो रुपये प्रति लीटर की कटौती करने की बात कही गई है। परियोजना का प्रस्ताव 1996 में दिया गया था। 2014 में प्रधानमंत्री की काठमांडू यात्रा के बाद इसमें तेजी आयी।