मुख्य समाचार

पटना में बना देश का पहला खादी माॅल  

पटना। देश का पहला आधुनिक खादी माॅल पटना में बनकर तैयार हो गया है। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री करेंगे। तीन मंजिला माॅल रीजेंट सिनेमा, गांधी मैदान के बगल में है।

ग्राहकों की सुविधा के लिए खादी के सूती, रेशमी, ऊनी एवं रेडिमेड वस्त्रों का अलग-अलग सेक्शन तैयार किया गया है। खादी वस्त्रों पर 10 फीसदी की छूट भी मिलेगी। साथ ही हैंडीक्राफ्ट और ग्रामोद्योग समान साबुन, शैंपू, बाॅडीलोशन एवं फेसवाॅश भी यहां उपलब्ध होंगे।  तीसरे तल्ले पर रेस्टोरेंट की भी व्यवस्था है, जहां आपको बिहारी व्यंजन के साथ अन्य खाद्य पदार्थों का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा। लिफ्ट की भी सुविधा है।

उद्योग मंत्री श्याम रजक ने खादी माॅल की खासियतों को बताते हुए कहा कि बापू के सपनों को पूरा करने के लिए अत्याधुनिक खादी माॅल बना है। बाजार को देखते हुए खादी वस्त्रों की क्वालिटी, डिजायन एवं बेचने की प्रक्रिया को माॅडर्न बनाया गया है। इसके लिए निफ्ट एव अन्य संस्थान, रेमंड इंडिया तथा अमेजाॅन से करार हुआ है।

उद्योग मंत्री ने कहा कि राज्य के सभी खादी संस्थानों के सामान यहां उपलब्ध होंगे। विक्रय केंद्र एक जगह होने से उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। इसके अलावा अन्य राज्यों के खादी उत्पाद भी यहां उपलब्ध होंगे। राज्य सरकार ने बुनकरों की मदद के लिए प्रति चरखा 44 हजार रुपए वर्किंग कैपिटल दी है।  

उद्योग विभाग के सचिव नर्मदेश्वर लाल ने बताया कि खादी उद्योग से बड़ी संख्या में महिलाएं जुड़ी हुई हैं। उनके उत्पाद को बाजार एवं सही कीमत दिलाने में खादी माॅल मददगार होगा। समय-समय पर उनके लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की जायेगी। इससे वे अपने को बाजार के अनुरूप तैयार कर सकेंगी। 

राज्य खादी बोर्ड के सीईओ बीएन प्रसाद ने कहा कि खादी माॅल के पीछे खादी बोर्ड का ऑफिस एवं प्रशिक्षण केंद्र होगा। खादी उत्पादों की प्रदर्शनी की भी व्यवस्था की गई है। इस मौके पर उद्योग विभाग के निदेशक पंकज सिंह, उप निदेशक उमेश सिंह, सुरेश कुमार समेत विभाग के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।  
 


संबंधित खबरें