पटना । मौसम विज्ञान विभाग ने 28 सितंबर (शनिवार) के लिए कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ये जिले पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, मधुेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका एवं वैशाली हैं।
राज्य के कई जिलों में हो रही भारी बारिश एवं भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आपदा प्रबंधन एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। साथ ही प्रभावित इलाकों के डीएम को हर वक्त चौकस रहने का निर्देश दिया। सीएम शनिवार को वीडियो काॅन्फ्रेसिंग से जिलों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेंगे।
सीएम ने कहा कि नेपाल में अगर अधिक बारिश होती है, तो पूरा उत्तर बिहार प्रभावित होगा। भागलपुर में बढ़ते जल स्तर के कारणों का पता लगाएं। खगड़िया में भी सचेत रहने की जरूरत है। उन्होंने पटना में भी विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया। 1975 और 1976 में पुनपुन का पानी कई गांवों में प्रवेश कर गया था। उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाको में कम्युनिटी किचेन की जगह रिलीफ कैंप की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। सीएम ने कहा कि आपदा से प्रभावित लोगों के लिए सरकार पूरी तरह से सजग है। उम्मीद है कि इस बार भी लोगों को कोई परेशानी नही होगी।
समीक्षा बैठक में जल संसाधन मंत्री, मुख्य सचिव, प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत, चंचल कुमार, चैतन्य प्रसाद, सचिव संजीव कुमार हंस, मनीष कुमार वर्मा, संजय कुमार अग्रवाल, अनुपम कुमार समेत कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।