मुख्य समाचार

सभी डीएम को 15 अक्टूबर तक विशेष सतर्क रहने का निर्देश 

पटना/28.09.19। राज्य के विभिन्न जिलों में हो रही भारी बारिश के मद्देनजर सभी डीएम को 15 अक्टूबर तक विशेष सतर्क रहने का निर्देश है। सरदार पटेल भवन से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग से संवेदनशील जिलों के डीएम से नदियों के जल स्तर एवं तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने सरदार पटेल भवन में स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर का भी मुआयना किया। 

शहर के नीचले इलाकों से लोगों को निकालने के लिए बस एवं ट्रेक्टर की व्यवस्था का निर्देश दिया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के प्रतिनिधि ने राज्य में अगले 48 घंटे के पूर्वानुमान में बताया कि बारिश की स्थिति बनी रहेगी। स्थिति तीन अक्टूबर तक सामान्य होने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में 52 मिलीमीटर वर्षा हुई है। वैशाली जिले के जंदाहा और नवादा जिले के रजौली में 200 मिलीमीटर से अधिक वर्षा हुई है। 

मुख्यमंत्री ने वीडियो काॅन्फ्रेसिंग के दौरान कहा कि नदियों के जल स्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए सभी डीएम रिलीफ कैंप के लिए जगहों का चयन कर लें और स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी रखें। कम्युनिटी किचेन की व्यवस्था भी जारी रखें। 

वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग में शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, मुंगेर, भागलपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, कटिहार, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, सुपौल, मधेपुरा, वैशाली, सारण, सीवान एवं गोपालगंज जिलों के डीएम थेे। आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने भी मुख्यमंत्री को पूरी स्थिति से अवगत कराया और आपदा प्रबंधन की जानकारी दी। 
 


संबंधित खबरें