मुख्य समाचार

सीएम ने कहा, आपदा में सेवा कर जनता का विश्वास जीतें  

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये जिलाधिकारियों से भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति एवं राहत कार्यों की जानकारी ली। सीएम ने अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों में दिन-रात गश्ती करने एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। साथ ही हरसंभव सहायता उपलब्ध कराकर जनता का विश्वास जीतने की नसीहत दी। 

समीक्षा में भारतीय मौसम विज्ञान के प्रतिनिधि ने बताया कि अगले 24 घंटे में छह जिलों भागलपुर, बांका, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज एवं अररिया में भारी बारिश का अनुमान है। पिछले तीन दिनों में पटना में 342.5 मिलीमीटर एवं समस्तीपुर में 400 मिलीमीटर वर्षा हुई है। 

पटना जिला की समीक्षा में डीएम कुमार रवि ने बताया कि राजेंद्र नगर, कंकड़बाग, भूतनाथ रोड, कांटी फैक्ट्री रोड, मलाही पकड़ी एवं एसके पुरी क्षेत्र में अधिक जलजमाव है। लोगों को राहत देने के लिए आधा लीटर दूध पैकेट, पानी का बोतल एवं पाउच उपलब्ध कराया गया है। 

एक अक्टूबर की सुबह 5 बजे से अधिक से अधिक लोगों को सामग्री उपलब्ध कराकर राहत पहुंचायी जायेगी। राजेंद्र नगर इलाके में बोट से लोगों को घरों से निकाला जा रहा है। एयर ड्राॅप से राजेंद्र नगर के पश्चिमी इलाके एवं अन्य क्षेत्रों में फुड पैकेट तथा अन्य सामग्री भेजी जा रही है।  

ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा कि जलजमाव वाले क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति सुरक्षा के ख्याल से रोक दी गयी है। जलजमाव कम होते ही बिजली आपूर्ति बहाल हो जायेगी। 

नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद ने बताया कि राजेंद्र नगर इलाके के पानी का निकास पहाड़ी से होता है। वहां 198 एचपी की मशीन पहले से काम कर रही है और 575 एचपी की डीजल मशीन लगाई गयी है। छतीसगढ़ से भी पानी निकालने के लिए बड़ा पंप मंगवाया जा रहा है। 

वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के दौरान डिप्टी सीएम, संबंधित विभागों के मंत्री, एनडीआरएफ के कमांडेंट विजय सिन्हा, एसडीआरएफ के कमांडेंट फर्गुद्दीन समेत शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें