मुख्य समाचार

गाय के गोबर से बना साबुन और बांस की बोतल लांच 

नई दिल्ली । गाय के गोबर से निर्मित साबुन और बांस से बनी बोतल को एमएसएमई मंत्री नितिन गडकरी ने लांच किया। इन उत्पादों को खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) ने तैयार किया है। गडकरी ने कहा कि वह जैविक खेती और उसके लाभ के पुरजोर समर्थक हैं। बांस की बनी पानी बोतल की कीमत 560 रुपये और 125 ग्राम साबुन का दाम 125 रुपये है।

गडकरी ने कहा हमें गुणवत्ता और बेहतर पैकेजिंग के साथ महात्मा गांधी के आर्थिक विचारों की भावना से समझौता किए बिना पेशेवर और पारदर्शी दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत है। अच्छा प्रदर्शन करने वाली निर्यात इकाइयों से नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में सूचीबद्ध होने के लिए कहा है।

एमएसएमई मंत्रालय ने एक प्रस्ताव तैयार किया है। इसके तहत इस प्रकार की एमएसएमई इकाइयों में 10 प्रतिशत इक्विटी भागीदारी केंद्र सरकार की होगी। एनएसई में 20 एमएसएमई पंजीकृत थे और अब वे पूंजी बाजार में प्रवेश कर रहे हैं। 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि खादी और ग्रामोद्योग आयोग को अगले दो वर्षों में 10,000 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार करना चाहिए। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा करना चाहिए। उत्पादों की ब्रांडिंग के महत्व और उपभोक्ताओं के बीच जैविक वस्तुओं की स्वीकार्यता बढ़ने की भी चर्चा की। 
 


संबंधित खबरें