पटना/03.10.19 । राजधानी के कई क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। लोगों की तकलीफ अभी कम नहीं हुई है। इधर, पुनपुन नदी के बढ़तेे जल स्तर ने पटना जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में भी परेशानी बढ़ा दी है। फुलवारी और पुनपुन प्रखंडों के कई घरों में पानी का प्रवेश हो गया है। पटना-गया होकर गुजरने वाली ट्रेनों का रूट डाइवर्ट किया जा रहा है।
पुनपुन के बढ़ते जल स्तर को दखते हुए डीएम एवं एसएसपी ने तटबंधों का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र लखीपुरकोली, लंका मछुआरा, चीहुट, तारणपुर, अल्लाबख्शपुर का जायजा लिया। पुनपुन नदी के रिंग बांध पर हो रहे पानी के रिसाव को रोकने का निर्देश दिया गया। लोग भी अपने स्तर से तटबंधों की सुरक्षा में जुटे हैं।
एसडीओ मसौढ़ी, पुनपुन के बीडीओ एवं सीओ को लगातार जल स्तर का निरीक्षण, बचाव एवं राहत कार्य शुरू करने का निर्देश है। पुनपुन, फतुहा, धनरूआ एवं पालीगंज में एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीम तैनात कर दी गई है।

शहर में लोगों तक राहत पहुंचाने में कई संस्थाएं भी जुटी हैं। नाला रोड स्थित राम कृष्ण मिशन जल जमाव से घिरा हुआ है। बावजूद मिशन राहत कार्य में जुटा है। इस कार्य में स्वामी सुखानंद एवं स्वामी ब्रह्मयोगानंद के नेतृत्व में युवा लगे हुए हैं।
राजधानी के जल जमाव इलाकों से पानी की निकासी एवं दवाओं के छिड़काव को लेकर डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने संबंधित विभागों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिये। संप हाउस पर पंपों के नियमित परिचालन के लिए प्रधान सचिव एस. सिद्धार्थ और सीएम के ओएसडी गोपाल सिंह लगातार नजर रखे हुए हैं।