नई दिल्ली/एजेंसी/13.10.19। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने अर्थव्यवस्था की सेहत पर दिये अपने बयान को रविवार को वापस ले लिया। उन्होंने शनिवार को कहा था कि दो अक्टूबर को रिलीज हुई तीन फिल्मों ने एक दिन में 120 करोड़ रुपये की कमाई की है। अर्थव्यवस्था दुरुस्त है तभी फिल्मों ने इतनी अच्छी कमाई की है। उन्होंने बेरोजगारी पर एनएसएसओ रिपोर्ट की भी आलोचना की और इसे अधूरा बताया। उनके बयान की विपक्ष समेत सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना हुई।
विरोधियों के निशाने पर आने के बाद उन्होंने कहा कि मेरे बयान के एक हिस्से को संदर्भ से हटकर तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। एक संवेदनशील इंसान होने के नाते मैं अपनी इस टिप्पणी को वापस लेता हूं। मैंने शनिवार को मुंबई में तीन फिल्मों के एक दिन में 120 करोड़ रुपये की कमाई करने की बात कही थी। यह तथ्यात्मक रूप से सही है।
मैंने यह बयान दिया था क्योंकि मैं देश की फिल्म नगरी मुंबई में था। हमें अपने फिल्म उद्योग पर गर्व है, जो लाखों लोगों को रोजगार देता है। साथ ही कर भुगतान कर देश की अर्थव्यवस्था में अहम योगदान करता है। मीडिया से बातचीत का पूरा वीडियो मेरे पास उपलब्ध है। मुझे खेद है कि मेरे बयान के एक हिस्से को पूरी तरह से संदर्भ से हटकर पेश किया गया।