मुख्य समाचार

76 कृषि जागरूकता रथ 38 जिलों के लिए रवाना 

पटना/20.10.19। कृषि जागरूकता महाभियान (रबी फसल) एवं बीज वाहन विकास रथों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 38 जिलों के लिए 76 वाहन रवाना किये गये। रथ कृषि तकनीक बुलेटिन एवं वाद्य यंत्रों से सुसज्जित हैं। 

रथों को प्रखंडों में होने वाले प्रशिक्षण सह सामान वितरण शिविर के प्रचार-प्रसार के लिए गांव एवं पंचायतों में घुमाया जायेगा। इससे रबी मौसम में कृषि विभाग की संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी किसानों तक पहुंच सकेगी। 

जागरूकता रथ फसल पुआल (पराली) को न जलाने, फसल अवशेष प्रबंधन एवं कृषि विभाग की अन्य योजनाओं से संबंधित जानकारी भी देगा। इसके लिए पटना प्रमंडल के छह जिलों में एलईडी युक्त विशेष रथों को घुमाया जायेगा। एलईडी के माध्यम से किसानों को वृत चित्र दिखाकर जागरूक किया जायेगा। 

इस अवसर पर डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, कृषि मंत्री डॉ प्रेम कुमार, कृषि सचिव एन. श्रवण कुमार, सीएम के सचिव अनुपम कुमार, कृषि विभाग के निदेशक आदेश तितरमारे, डीएम कुमार रवि, ओएसडी गोपाल सिंह समेत कृषि विभाग के वरीय पदाधिकारी, आत्मा के परियोजना निदेशक उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें