नई दिल्ली/पटना। नई दिल्ली में अम्बापाली बिहार इम्पोरियम का उद्घाटन उद्योग मंत्री श्याम रजक ने किया। इस अवसर पर स्थानिक आयुक्त विपिन कुमार, उद्योग विभाग के सचिव नर्मदेश्वर लाल, राज्य लघु उद्योग निगम के एमडी बीएन प्रसाद एवं उपनिदेशक उमेश कुमार सिंह मौजूद थे।

उद्योग मंत्री ने कहा कि यहां बिहार के उत्कृष्ट हैंडीक्राफ्ट, हैंडलूम एवं बिहार खादी से संबंधित कपड़ों की बिक्री होगी। दिल्ली में इम्पोरियम खोलने का उद्देश्य बिहार के आर्टिजन एवं बुनकरों से सामान की खरीद कर बिक्री एवं प्रदर्शन करना है। इससे ग्रामीण कारीेगर एवं बुनकरों की आय बढ़ेगी। आधुनिक तरीके से सुसज्जित इम्पोरियम देशी एवं विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने में सफल होगा। उन्होंने इसके व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया।
इम्पोरियम बाबा खड़ग सिंह मार्ग, कनाॅट प्लेस में है। रेनोवेशन पर लगभग 4 करोड़ राशि उद्योग विभाग ने खर्च की है। इम्पोरियम के तीन फ्लोर में बिक्री केंद्र हैं। सभी सामान पर बारकोड लगाये गये हैं। चौथे तल्ले पर बिहारवासियों के लिए किराये पर रहने के लिए गेस्ट हाउस की व्यवस्था की गई है।