नई दिल्ली/पटना। पटना मेट्रो के लिए जापान की जाइका से 5400 करोड़ का सस्ता ऋण शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिया है। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि जापान सरकार के साथ इस माह होने वाली बैठक में पटना मेट्रो के लिए जाइका से ऋण दिलाने की पहल की जाये। पुरी ने कहा कि पटना मेट्रो से उनका भावनात्मक लगाव है। भारत सरकार इस परियोजना के लिए हर तरह से मदद करेगी।
13,365 करोड़ लागत वाली पटना मेट्रो प्रोजेक्ट का शिलान्यास प्रधानमंत्री ने किया था। इसके लिए जापान की जाइका से 5,400 करोड़ का सस्ता कर्ज लिया जाना है। भारत सरकार दो हजार करोड़ और बिहार सरकार 5,390 करोड़ खर्च करेगी। दो चरणों में पूर्वी-पश्चिमी और उत्तरी-दक्षिणी काॅरिडोर का निर्माण होना है। अब तक भारत सरकार ने 50 करोड़ एवं बिहार सरकार ने 100 करोड़ राशि उपलब्ध करायी है। पटना मेट्रो परियोजना के लिए मिट्टी की जांच शुरू हो गयी है।