मुख्य समाचार

जलजमाव से निजात के लिए बनी दीर्घकालीन योजना

पटना। राजधानी को जलजमाव से निजात एवं जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग ने कार्ययोजना तैयार की  है। दीर्घकालिक योजना के तहत 130 वर्ग किमी क्षेत्र के ड्रेनेज सिस्टम की प्लानिंग के लिए ग्लोबल टेंडर आमंत्रित किया गया है। 

पटना के सभी 39 संप हाउस को पानी में डूबने से बचाने के लिए ऊंची दीवार बनाने एवं पंप हाउस की मरम्मत के लिए टेंडर जारी हो चुका है। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी के साथ समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने उक्त जानकारी दी। 

पटना नगर निगम अगले साल एक अप्रैल से पटना के कुर्जी, सैदपुर एवं मंदिरी समेत सभी नौ बड़े नालों व उनसे जुड़ी नालियों की सफाई करायेगा। साथ ही सभी मेनहाॅल एवं कैचपिट का सर्वेक्षण कर नक्शा तैयार किया जायेगा।

डेडिकेटेड फीडर के साथ सभी संप हाउस के लिए सीसीटीवी कैमरे एवं कंप्यूटर प्रणाली से जुड़ा नियंत्रण कक्ष बनेगा। इससे निगरानी में सुविधा होगी। बिजली नहीं रहने की स्थिति में संप हाउस के संचालन के लिए जेनरेटर की व्यवस्था होगी। वैसे इलाके जहां संप हाउस नहीं हैं के लिए अतिरिक्त ट्राॅली आधारित 40 डीजल पंप सेट खरीदे जायेंगे। 

बैठक में नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा, उद्योग मंत्री श्याम रजक, विधायक अरुण कुमार सिन्हा, महापौर सीता साहु, नगर विकास सचिव आनंद किशोर, बुडको के एमडी चंद्रशेखर सिंह एवं नगर आयुक्त अमित कुमार पांडेय उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें