पटना। सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) के तहत 2024 तक पटना के 1.75 लाख घरों में पाइप लाइन से गैस की आपूर्ति (पीएनजी) की जायेगी। साथ ही 2.20 लाख वाहनों को सीएनजी उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। गेल के अधिकारियों ने इसकी जानकारी डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी को दी।
उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद डिप्टी सीएम ने बताया कि पटना में गेल जबकि अन्य जिलों में आईओसी, थिंक गैस एवं अडानी गैस काम कर रही हैं । पटना के 9110 घरों में पीएनजी कनेक्शन दे दिया गया है। मार्च तक छह हजार और घरों में कनेक्शन उपलब्ध कराया जायेगा। पटना जिला के रूकनपुरा, कुम्हरार, टाॅल प्लाजा, नौबतपुर एवं फतुहा में सीएनजी की आपूर्ति शुरू हो गयी है। अगले साल मार्च तक सगुना मोड़, राम जयपाल नगर एवं दानापुर-दीघा रोड में सीएनजी शुरू हो जायेगी।
गंगा पाइपलाइन परियोजना के तहत दिसंबर 2020 तक फुलपुर-हल्दिया पाइप लाइन के अंतर्गत पाइप बिछायी जायेगी। इसकी लागत 1764 करोड़ है। बिहार के नौ जिलों के 439 गांवों से होकर 436 किलोमीटर और बरौनी-गुवाहाटी पाइप लाइन के अंतर्गत छह जिलों के 197 गांवों से होकर 278 किलोमीटर पाइप लाइन बिछायी जायेगी।
बैठक में गेल के कार्यकारी निदेशक केबी सिंह, जीएम आलोक कुमार एवं पटना परिक्षेत्र के जीएम रजनीश गोयल उपस्थित थे।