सबौर (भागलपुर)। किसानों को उनके मोबाइल फोन पर खेती की नवीनतम जानकारी मिलेगी। इसके लिए बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) ने रिलायंस फाउंडेशन (जियो) के साथ समझौता (एमओयू) किया है।
समझौते के तहत बीएयू की मदद से रिलायंस फांउडेशन खेती से जुड़ी सूचनाओं को समय-समय पर प्रसारित करेगा। रिलायंस अपने विभिन्न संचार माध्यमों जैसे मोबाइल वाइस मैसेज से किसानों को उनकी आजीविका (खेती) में सुधार की जानकारी देगा। किसानों को कीट से फसलों की सुरक्षा, मौसम की जानकारी, मिट्टी प्रबंधन एवं खेती से जुड़ी अन्य सूचनाएं मिलेंगी।
साथ ही सुखाड़, भारी वर्षा एवं प्राकृतिक आपदा के समय होने वाली समस्याओं के निदान की भी सूचना मिलेगी। एमओयू के तहत बीएयू अपने विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम, योजनाओं एवं घोषणाओं को भी किसानों के साथ रिलायंस फाउंडेशन के संचार माध्यमों के जरिये साझा कर सकता है।
इस मौके पर रिलायंस फाउंडेशन के चीफ फाइनेंस ऑफिसर सचिन माडिकर ने कहा कि सूचना तकनीक ज्यामितीय अनुक्रम की गति से बढ़ रही है। जियो फोन को ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक तेजी से अपनाया गया है। कृषि के क्षेत्र में सूचना एवं संचार तकनीक की अपार संभावनाएं हैं।
बीएयू के कुलपति डाॅ अजय कुमार सिंह ने कहा कि सही रूप में एमओयू तकनीक का करार है। आने वाले समय में विश्वविद्यालय रिलायंस के साथ कृषि विकास के लिए अन्य क्षेत्रों में भी मिलकर काम करेगा। इससे किसानों को लाभ होगा।
एमओयू के मौके पर रिलायंस की ओर से बिहार और झारखंड के को-ऑर्डिनेटर प्रवीण गुड्ड, राॅबिन एवं दिलीप राय तथा बीएयू के निदेशक (प्रसार शिक्षा) डाॅ आरके सोहाने, निदेशक योजना डाॅ अरुण कुमार सिंह, डाॅ आरआर सिंह, डाॅ एसएन सिंह, रजिस्ट्रार डाॅ एम. हक, निदेशक डाॅ पीके सिंह, डाॅ आर एन सिंह एवं बिहार कृषि महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ आर एन शर्मा मौजूद थे।