नवादा। जल-जीवन-हरियाली यात्रा के तीसरे चरण के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नवादा जिला के रजौली प्रखंड की हरदिया ग्राम पंचायत पहुंचे। उन्होंने 180 करोड़ 98 लाख रुपये की 57 योजनाओं का उद्घाटन एवं 389 करोड़ 26 लाख रुपये की 256 योजनाओं का शिलान्यास किया।
सीएम ने फुलवरिया जलाशय के निरीक्षण के दौरान कहा कि यह जलाशय बड़ा और सुंदर है। ऐसा डैम बिहार में कहीं नहीं है। जलाशय के पानी को शुद्ध कर 90 फ्लोराइड ग्रस्त गावों तक पहुंचाया जा रहा है। वहां के कुछ गांवों में आवागमन की भी व्यवस्था की जायेगी।
जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में आबादी का घनत्व अधिक है। बावजूद विकास कार्यों से बिहार की विकास दर 11.3 प्रतिशत तक पहुंचाने में कामयाबी मिली। कृषि रोड मैप के जरिये कृषि क्षेत्र में बेहतर काम हुआ है। अब सात निश्चय योजना के माध्यम से पूरे बिहार में लोगों तक जरूरी बुनियादी सुविधाएं पहुंचा रहे हैं। अरवल एवं जहानाबाद में भी अभियान से संबंधित कई योजनाओं का उद्घाटन किया।

जनसभा को ग्रामीण विकास सह नवादा जिले के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार, पीएचईडी मंत्री विनोद नारायण झा, मुख्य सचिव दीपक कुमार, डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय एवं डीएम कौशल कुमार ने भी संबोधित किया।