गया । गंगा का पानी गया, बोधगया, राजगीर और नवादा पहुंचाने की राज्य सरकार की योजना है। योजना के लिए टेंडर निकल गया है और योजना को 2021 तक पूरा करने का लक्ष्य है। मोकामा के समीप से गंगा जल को राजगीर होते हुए गया लाया जायेगा। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दी। वह जल-जीवन-हरियाली यात्रा के क्रम में गया में आयोजित जन जागरूकता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान 258 करोड़ 72 लाख रुपये की 59 योजनाओं का उद्घाटन एवं 699 करोड़ 60 लाख रुपये की 193 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। सीएम ने कहा कि गंगा जल को शुद्ध कर पेयजल के रूप में घर-घर तक पहुंचाया जायेगा। बारिश के मौसम में गंगा के पानी को स्टोर किया जायेगा। इससे हर महीने गया और बोधगया के लोगों को पानी मिलता रहेगा।
18 दिसंबर को गया में हुई कैबिनेट की बैठक में इस योजना को स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष करोड़ो लोग गया और बोधगया आते हैं। फल्गु नदी में हमेशा पानी रहे। इसके लिए भी काम हो रहा है। विष्णु पद मंदिर के समीप फल्गु नदी में चेक डैम बनाकर स्नान एवं पूजा के लिए पानी की व्यवस्था होगी।
फल्गु में नाले का पानी न जायेे। इसके लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाकर नाले के ट्रीटेड पानी का सिंचाई में इस्तेमाल किया जायेगा। ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए) को गया में कायम रखने के लिए 17 दिसंबर को रक्षा मंत्री को पत्र लिखा गया है। इस संबंध में मैं उनसे बात भी करूंगा।
जनसभा को शिक्षा मंत्री कृष्ण नंदन प्रसाद वर्मा, कृषि मंत्री डॉ प्रेम कुमार, जल संसाधन मंत्री संजय झा, मुख्य सचिव, डीजीपी एवं गया के डीएम अभिषेक सिंह ने भी संबोधित किया।